झारखंड में कैंपों की पहल से 19,756 युवाओं को मिला लर्निंग लाइसेंस

रांची
झारखंड के ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में जहां लोगों के लिए जिला मुख्यालय पहुंचना मुसीबतों से भरा होता है और इसके बावजूद इस बात की कोई गारंटी नहीं होती कि उनका काम हो ही जाएगा वहां कैंप लगने से बहुत फायदा होता दिख रहा है
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश पर झारखंड के ग्रामीण इलाकों में लगे कैंपों में 19756 लर्निंग लाइसेंस बन चुके हैं। यह अपने आप में झारखंड के लिए अनोखा अनुभव है। अलग राज्य बनने के बाद अब तक इस तरह के कैंप कहीं नहीं लगे थे।
इन कैंपों में दुमका और देवघर के सुदूर ग्रामीण इलाकों में रहनेवाले युवाओं को तो फायदा हुआ ही, सरकार की छवि भी बेहतर हुई। राज्य में कैंपों की संख्या के हिसाब से देखें तो सबसे अधिक कैंप देवघर और दुमका (18-18 कैंप) लगे।दाेनों जगहों पर क्रमश: 1240 एवं 1528 युवाओं के लर्निंग लाइसेंस तैयार हुए।
दूसरी ओर, महज आठ कैंपों के माध्यम से जमशेदपुर में पूरे राज्य में सर्वाधिक 1768 लर्निंग लाइसेंस तैयार हुए। परिवहन विभाग के अनुसार किसी एक महीने में लर्निंग लाइसेंस की रिकार्ड संख्या इस वर्ष हासिल की गई है। दीगर बात है कि कैंपों में 28813 आवदेन पड़े थे।
अब इन्हीं कैंपों में बन जाएंगे परमानेंट लाइसेंस
देश के साथ-साथ झारखंड में भी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की जटिलता से सभी रूबरू हैं। नियम के अनुसार लर्निंग लाइसेंस बनने के एक माह बाद कोई परमानेंट लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकता है।और लाइसेंस जिला परिवहन कार्यालय से जारी होता है।
ऐसे में लोगों को परिवहन कार्यालय का चक्कर काटने जैसी मुसीबत का सामना करना ही था। राज्य सरकार ने परमानेंट लाइसेंस के लिए ट्रायल जिला मुख्यालय की जगह प्रखंडों में लगे कैंपों में ही कराने का निर्णय लिया है।
ऐसे में युवा इन कैंपों में ट्रायल देकर ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट पास कर सकते हैं। पास करने के बाद इन्हें इन्हीं कैंपों में जिला परिवहन पदाधिकारी के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस दिया जाएगा।
जिलों में कैंपों की संख्या और निर्गत लर्निंग लाइसेंस
क्रमांक जिला कैंप लाइसेंस
1 बोकारो 07 241
2 चाईबासा 10 629
3 चतरा 10 557
4 देवघर 18 1240
5 धनबाद 04 592
6 दुमका 18 1528
7 गढ़वा 11 997
8 गिरिडीह 17 1627
9 गोड्डा 1 6 457
10 गुमला 14 1704
11 हजारीबाग 05 309
12 जमशेदपुर 08 1768
13 जामताड़ा 14 1447
14 खूंटी 11 188
15 कोडरमा 06 276
16 लातेहार 09 483
17 लोहरदगा 11 309
18 पाकुड़ 11 542
19 पलामू 09 1220
20 रामगढ़ 04 234
21 रांची 08 731
22 साहेबगंज 14 430
23 सरायकेला 17 1615
24 सिमडेगा 12 632
मुख्यमंत्री के आदेश से राजधानी रांची समेत कई जिलों में कैंप लगाकर लोगों को लर्निंग और ड्राइविंग लाइसेंस निर्गत करने की योजना बनी है। झारखंड के 242 पंचायतों में ऐसे कैंपों के माध्यम से 19,756 लर्निंग लाइसेंस बने हैं जो युवाओं को दे भी दिया गया है। एक महीना पूरा होने पर परमानेंट लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू होगी।
-राजीव रंजन, सचिव, परिवहन विभाग।




